भोपाल। देशभर में महंगाई की मार के बाद अब इसका असर आपके किचन में पड़ेगा क्यों कि मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद अब रसोई का बजट टमाटर के बढ़ते दाम बिगाड़ने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में टमाटर की कीमत 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश की मंडियां अब मुख्य रूप से महाराष्ट्र से आने वाले टमाटर पर निर्भर हैं। नई फसल आने तक लोगों को महंगे टमाटर खरीदने पड़ सकते हैं।
प्रदेश में सप्लाई घटी, महाराष्ट्र बना मुख्य सहारा
व्यापारियों के मुताबिक मालवा, निमाड़ और प्रदेश के अन्य उत्पादक क्षेत्रों में टमाटर की फसल खत्म हो चुकी है। केवल कुछ इलाकों में सीमित मात्रा में माल उपलब्ध है। मौजूदा हालात में महाराष्ट्र के नारायणगांव, संगमनेर, कलवन और अन्य क्षेत्रों से टमाटर की आवक हो रही है। यही वजह है कि प्रदेश की अधिकांश मंडियों में सप्लाई का बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र पर निर्भर हो गया है।
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं टमाटर के दाम?
1. मध्य प्रदेश की स्थानीय फसल खत्म
भीषण गर्मी और नई बुवाई की तैयारी के कारण प्रदेश में टमाटर का उत्पादन कम हो गया है। अधिकांश किसानों के खेतों से पुरानी फसल निकल चुकी है।
2. दूसरे राज्यों से बढ़ी मांग
गुजरात और दक्षिण भारत के राज्यों में टमाटर की मांग बढ़ने से बाजार पर दबाव बढ़ा है। इसका असर मध्य प्रदेश की मंडियों पर भी दिखाई दे रहा है।
3. परिवहन और टैक्स का असर
मंडी शुल्क और परिवहन लागत बढ़ने से भी टमाटर की कीमतों में तेजी आई है। इसका सीधा असर खुदरा बाजार में दिखाई दे रहा है।

दूसरी सब्जियां भी हुईं महंगी
टमाटर के साथ-साथ अन्य हरी सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिन सब्जियों के दाम कुछ दिन पहले 20 से 30 रुपये किलो थे, वे अब 40 से 70 रुपये किलो तक बिक रही हैं।
वर्तमान में कई मंडियों में शिमला मिर्च, गिलकी, हरी मिर्च और ग्वार फली जैसी सब्जियों के भाव भी बढ़े हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि गर्मी और कम आवक के कारण सब्जियों की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
अगर टमाटर महंगा हो और सब्जी में उसका स्वाद व खट्टापन चाहिए, तो कुछ अच्छे विकल्प हैं:
- दही: ग्रेवी वाली सब्जियों में 1-2 चम्मच दही डाल सकते हैं।
- इमली का पानी: थोड़ी मात्रा में डालने से खट्टापन आ जाता है।
- अमचूर पाउडर: सूखे आम का पाउडर टमाटर की कमी काफी हद तक पूरी कर देता है।
- नींबू का रस: सब्जी पकने के बाद डालें।
- कच्चा आम : सब्जी में उबालकर डाल सकते हैं।
- प्याज और थोड़ी सी दही का पेस्ट: ग्रेवी को गाढ़ापन और स्वाद देता है।
ये खबर भी पढ़ें..









