भोपाल। मध्यप्रदेश देश के सबसे पसंदीदा पर्यटन राज्यों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। वर्ष 2025 में राज्य में करीब 14 करोड़ पर्यटकों ने भ्रमण किया। इनमें 13.95 करोड़ घरेलू और 1.81 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। औसतन हर दिन 3.82 लाख से अधिक भारतीय और करीब 500 विदेशी पर्यटक मध्यप्रदेश पहुंचे। धार्मिक स्थल, राष्ट्रीय उद्यान, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक पर्यटन स्थल इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह रहे।
पांच साल में 446% बढ़े घरेलू पर्यटक
पर्यटन के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2021 में मध्यप्रदेश में करीब 2.55 करोड़ घरेलू पर्यटक आए थे। यह संख्या 2025 में बढ़कर 13.95 करोड़ पहुंच गई। यानी पांच साल में राज्य में घरेलू पर्यटकों की संख्या में 446 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी प्रदर्शन के साथ मध्यप्रदेश देश के शीर्ष पर्यटन राज्यों में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए है।
हिमाचल में पर्यटक घटे, गोवा भी पीछे रहा
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2024 के मुकाबले 2025 में घरेलू पर्यटकों की संख्या घट गई। 2024 में जहां 1.80 करोड़ पर्यटक पहुंचे थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा 1.44 करोड़ रह गया। वहीं गोवा में 2025 के दौरान 1.03 करोड़ घरेलू पर्यटक पहुंचे, जो मध्यप्रदेश के मुकाबले काफी कम हैं।
धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन बना सबसे बड़ी ताकत
मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थल, वन्यजीव अभयारण्य, राष्ट्रीय उद्यान और ऐतिहासिक धरोहरें बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। कम खर्च, बेहतर कनेक्टिविटी और विविध पर्यटन स्थलों की वजह से राज्य लगातार पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। हालांकि विदेशी पर्यटकों की संख्या के मामले में गोवा आगे है, लेकिन कुल पर्यटकों की संख्या में मध्यप्रदेश ने बड़ी बढ़त दर्ज की है।
ये खबर भी पढ़ें..









