भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनावों की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों के लिए संशोधित एवं अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। यह सूची भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के बाद तैयार की गई अद्यतन मतदाता सूची के आधार पर तैयार की गई है। निर्वाचन आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर परीक्षण किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान ऐसे सभी नामों को सूची से हटाया गया, जो निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र नहीं पाए गए।
अपात्र और दोहरे नाम हटाए गए
संशोधित मतदाता सूची में विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान चिन्हित कई श्रेणियों के नाम हटाए गए हैं। इनमें स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाता, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाता तथा मृत मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इस प्रक्रिया से मतदाता सूची को अधिक अद्यतन और विश्वसनीय बनाया गया है।
मध्यप्रदेश के नामी कलाकार का निधन… कई टीवी सीरियल्स में निभाया अहम किरदार!
उपचुनाव में इसी सूची का होगा उपयोग
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, जिलों में प्रकाशित की गई यही अंतिम मतदाता सूची आगामी नगरीय निकाय और पंचायतों के उपचुनावों में इस्तेमाल की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न निकायों और पंचायतों में रिक्त पदों के लिए नवंबर-दिसंबर के दौरान उपचुनाव कराए जाने की तैयारी चल रही है।
निष्पक्ष मतदान की दिशा में अहम पहल
निर्वाचन आयोग का मानना है कि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होती है। फर्जी, दोहरे और अपात्र नाम हटने से मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। अब आयोग जल्द ही उपचुनाव की अधिसूचना और विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दतिया के चुनाव परिणाम से पहले दामोदर यादव का बड़ा दावा… इनको बताया एक दूसरे का मददगार!









