मध्य प्रदेश में इस बार मई की शुरुआत सामान्य गर्मी के बजाय बदले हुए मौसम के साथ हुई है. प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है. सोमवार को 15 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, वहीं कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी हालात लगभग ऐसे ही बने रहेंगे. भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने 39 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है.
यहां बदलेगा मौसम का मिजाज
सोमवार को रीवा और आगर मालवा में ओलावृष्टि दर्ज की गई. इसके अलावा सागर, गुना, अशोकनगर और मैहर जैसे जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई. जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में तेज हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं.
यहां हल्की बदलाव की संभावना
दूसरी तरफ प्रदेश के पश्चिमी हिस्से यानी इंदौर और उज्जैन संभाग में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ बना हुआ है. इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम और हरदा में गर्मी का असर जारी है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्का बदलाव संभव है.
यहां इतनी बढ़ी गर्मी
आंधी और बारिश के बावजूद कई शहरों में तापमान ऊंचा बना हुआ है. रायसेन में लगातार दूसरे दिन 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. खरगोन में 43, खंडवा में 42.1, मंडला में 41.9 और नरसिंहपुर में 41 डिग्री तापमान रहा. बैतूल 40.7, रतलाम 40.5, छिंदवाड़ा 40.2 और शाजापुर में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 33.8 डिग्री रहा. बड़े शहरों में ग्वालियर 34.8 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जबकि इंदौर 38.2, उज्जैन 39, जबलपुर 40 और भोपाल में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने क्या कहा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और इसके साथ दो ट्रफ लाइन गुजर रही हैं. यही वजह है कि मौसम में अचानक बदलाव आया है. विभाग का अनुमान है कि 8 मई तक प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.









