भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है। प्रदेश के आधे से अधिक हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है और कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जगह तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बारिश की वजह से अधिकांश जिलों में दिन का तापमान कम रहेगा। हालांकि कुछ इलाकों में मौसम सामान्य या हल्का शुष्क भी रह सकता है।
इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 जुलाई की सुबह 8:30 बजे से 3 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
वहीं बैतूल, खंडवा, देवास, अशोकनगर, डिंडोरी, मंडला और सागर में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सतना, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पश्चिम और दक्षिणी जिलों में ज्यादा असर
3 जुलाई को बड़वानी, धार, रायसेन, हरदा, खरगोन, देवास और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नर्मदापुरम, बैतूल, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, बालाघाट और सिवनी सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
4 जुलाई को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। इस दिन खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश हो सकती है। जबकि सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, धार, झाबुआ, रतलाम, देवास, सागर और बालाघाट समेत कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना
5 जुलाई को मौसम विभाग ने गुना, नरसिंहपुर, पन्ना, सागर और मैहर जिले के लिए अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, अशोकनगर, सतना, अनुपपुर, जबलपुर और दमोह में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के अधिकांश अन्य जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
लगातार बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें।
ये खबर भी पढ़ें..









