भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। रीवा, मैहर और छतरपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
रीवा, मैहर और छतरपुर में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रीवा, मैहर और छतरपुर जिलों में कुछ स्थानों पर 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। इसके साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 16% कम बारिश
1 जून से 19 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश में औसत से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में सामान्य से 23 प्रतिशत और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 10 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
अगले 16 घंटे के दौरान मुरैना, ग्वालियर, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, बैतूल, सिवनी और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, राजगढ़, शाजापुर, सागर, पन्ना, सतना, कटनी, जबलपुर, बालाघाट, शहडोल, धार, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और रतलाम सहित कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
अगले 5 दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
- 19 से 20 जुलाई: छतरपुर, रीवा और मैहर में भारी बारिश की संभावना।
- 20 से 21 जुलाई: दमोह, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट।
- 21 से 22 जुलाई: मऊगंज, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में भारी बारिश के आसार।
- 22 से 23 जुलाई: श्योपुर, मुरैना, निवाड़ी और सागर में भारी बारिश की चेतावनी।
- 23 से 24 जुलाई: निवाड़ी, सागर, रायसेन और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है।
ये खबर भी पढ़ें..









