भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी, दो सक्रिय लो प्रेशर एरिया, मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 26 जुलाई को भोपाल, इंदौर समेत 55 से ज्यादा जिलों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
55 से ज्यादा जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, उज्जैन, सागर, छतरपुर, सीधी, शहडोल, खंडवा, धार, झाबुआ, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, मुरैना, भिंड, दतिया सहित 55 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
29 जुलाई तक बनी रह सकती हैं मानसूनी गतिविधियां
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 29 जुलाई तक अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश जारी रहेगी। अगले दो से तीन दिनों में बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र और मजबूत हो सकता है। इसके कारण कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान इंदौर संभाग के अधिकांश जिलों और उज्जैन संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भोपाल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी वर्षा हुई। हनुमना में 38 मिमी, कट्ठीवाड़ा में 37 मिमी, उमरेठ में 27.4 मिमी और पानसेमल में 26.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अब तक सामान्य बारिश का 35 प्रतिशत रिकॉर्ड
प्रदेश में मानसून की शुरुआत से अब तक औसतन 330.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह इस सीजन की सामान्य मानसूनी बारिश का करीब 35 प्रतिशत है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में वर्षा की कमी कम हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, गरज-चमक के समय खुले स्थानों से दूर रहने और जरूरत होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
ये खबर भी पढ़ें..









