भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ब्रेक के बाद एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, भिंड, सीधी, मऊगंज, सतना, पन्ना और छतरपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, रतलाम, जबलपुर, सागर, मंडला, बालाघाट, रीवा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम खराब रहने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
24 घंटे में भिंड में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 155 मिमी बारिश भिंड जिले के अटेर में हुई, जबकि भिंड शहर में 123.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। ग्वालियर के गोहद में 102 मिमी, मऊगंज में 98 मिमी और रीवा के रायन में 70 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस शहडोल के कल्याणपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस खरगोन में रिकॉर्ड किया गया।
इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मानसून ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग स्थानों पर बने चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के कारण लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी और कई इलाकों में मौसम ठंडा रहेगा।









