भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से मौसम खराब होने पर सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों सीधी, सतना, शहडोल, पन्ना और मैहर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, जबलपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।
प्रदेश में सामान्य से अधिक हुई बारिश
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार इस मानसून सीजन में अब तक मध्य प्रदेश में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 8 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में पूर्वी हिस्सों में बारिश बढ़ने से यह अंतर कम हो सकता है।
मौसम विभाग ने जारी की जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
ये खबर भी पढ़ें..









