डेस्क। मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार भी है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजगढ़, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी और श्योपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन जिलों में होगी बारिश
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
इस वजह से बन रहा है दबाव
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय मानसून ट्रफ और अन्य मौसम प्रणालियों के कारण मध्यप्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। यही वजह है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं ग्वालियर, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई इलाकों में भी बारिश हुई।
अगले कुछ दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी, मध्य और उत्तरी जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में भी गिरावट बनी रहेगी।
ये खबर भी पढ़ें..









