मध्यप्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में तेज हवाओं और बारिश के कारण सड़क यातायात पर असर पड़ा, जबकि कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. मौसम विभाग ने अब प्रदेश के करीब 45 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
यहां बारिश का अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले घंटों में कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर और दमोह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. इसके अलावा रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, पांढुर्णा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.
यहां हो रही है रिकॉर्ड तोड़ बारिश
देवास जिले में बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया. मसुरिया-भंडारिया मार्ग पर एक कार पानी के तेज बहाव में बह गई, लेकिन वाहन में सवार चारों लोग समय रहते बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए. पिछले 24 घंटों के दौरान रतलाम, भोपाल, इंदौर, श्योपुर, धार, गुना, नर्मदापुरम, शाजापुर, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर, छतरपुर, झाबुआ और सीहोर समेत 20 से अधिक जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई. रतलाम में सबसे ज्यादा करीब डेढ़ इंच वर्षा दर्ज हुई.
बारिश का असर साफ दे रहा दिखाई
लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है. इंदौर में न्यूनतम तापमान एक ही रात में 6.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 19 डिग्री पर पहुंच गया. भोपाल में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश कर चुका है. हालांकि मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री सामान्य तिथि की तुलना में कुछ दिन देरी से हो सकती है. फिलहाल अनुमान है कि मानसून 20 से 22 जून के बीच प्रदेश में दस्तक दे सकता है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी









