भोपाल। मध्यप्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर बना लो प्रेशर एरिया अब उत्तरप्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से अगले दो दिन कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अगले 12 घंटे में यह सिस्टम कमजोर पड़ सकता है, जिससे 11 जुलाई से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम होने के आसार हैं।
भिंड, ग्वालियर में भारी बारिश का अनुमान
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, भिंड, ग्वालियर, दतिया और रतलाम सहित आसपास के इलाकों में अगले दो दिन तेज बारिश हो सकती है। कई जगह गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। 11 जुलाई के बाद बारिश का असर धीरे-धीरे कम होगा, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
9 और 10 जुलाई को इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग ने 9 और 10 जुलाई के लिए भिंड, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, शिवपुरी, राजगढ़, रतलाम, आगर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर और पन्ना समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सतना, जबलपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, धार, देवास, मंदसौर, नीमच और अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।
11 और 12 जुलाई को इन इलाकों में बारिश बनी रहेगी
11 जुलाई को सतना, पन्ना, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 12 जुलाई को पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
11 जुलाई से कम हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि लो प्रेशर एरिया कमजोर होने के बाद 11 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। हालांकि, मानसून सक्रिय रहने की वजह से कुछ जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें..









