मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपना मिजाज बदलने वाला है. अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का तेज दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने सोमवार को करीब 40 जिलों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं तीन जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है, जिसके चलते यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, सीधी, मऊगंज और डिंडौरी में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सतना, पन्ना, दमोह, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी तेज बारिश होने की संभावना है.
प्रदेश के बाकी कई जिलों में भी मौसम बिगड़ सकता है. भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रीवा, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से तेज बारिश देखने को मिल सकती है.
19 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 17 से 19 अगस्त के बीच प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. खासतौर पर भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग में तेज बारिश के आसार हैं. ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थिति भी बन सकती है. ऐसे मौसम में लोगों को बेवजह घर से निकलने से बचने की सलाह दी गई है. जरूरी यात्रा होने पर मौसम की ताजा जानकारी जरूर लेते रहें. खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे रुकने से भी बचना बेहतर होगा. मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी परेशानी से समय रहते बचा जा सके.









