डेस्क। मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है, वहीं कुछ जिलों में आंधी और बारिश का दौर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
26 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
एक्टिव सिस्टम से बदल रहा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही प्रदेश के ऊपर बनी ट्रफ लाइन मौसम को प्रभावित कर रही है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
15 जून तक मानसून की एंट्री के संकेत
दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान परिस्थितियां इसके लिए अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 जून के आसपास मानसून मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। सबसे पहले इसका असर पूर्वी और दक्षिणी मध्यप्रदेश के जिलों में देखने को मिलेगा।
24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। कई स्थानों पर बादल छाए रहने से तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
11 और 12 जून को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को भी प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
ये खबर भी पढ़ें..









