भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने लगी है। प्रदेश में हीटवेव का दौर लगभग खत्म हो गया है और अब मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मानसून की एंट्री को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। आइए जानते हैं प्रदेश के मौसम का ताजा हाल।
प्रदेश में कई शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंचा
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं, जिसके कारण कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
39 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 39 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में ओले गिरने की भी संभावना
नीमच, श्योपुर, मुरैना, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा उज्जैन, ग्वालियर, सागर और चंबल संभाग के कुछ इलाकों में भी मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
MP में मानसून आने में हो सकती है देरी
बुधवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान अलग-अलग दर्ज किया गया। रतलाम में 42 डिग्री तापमान रहा, जबकि भोपाल में 39.4 डिग्री, इंदौर में 38.5 डिग्री, ग्वालियर में 38.9 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और जबलपुर में 39.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री सामान्य समय से करीब 5 से 7 दिन देरी से हो सकती है। अनुमान है कि 20 जून के बाद प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। तब तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़ें..









