भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कुछ जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 25 जून तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के आने की संभावना 25 जून के आसपास है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
कई जिलों में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
धार, झाबुआ, अलीराजपुर, सतना, रीवा, कटनी, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, शहडोल और सिंगरौली समेत कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं।
जबलपुर संभाग में लू का असर जारी
जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी और उमरिया जिलों में लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
24 और 25 जून को भी रीवा और सीधी जिले में लू चलने की संभावना जताई गई है।
25 जून के आसपास मानसून की एंट्री की उम्मीद
मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून के आसपास मानसून मध्यप्रदेश में दस्तक दे सकता है। मानसून आने के बाद गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है। साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
ये खबर भी पढ़ें..









