मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग में कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) के 2784 रिक्त पदों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 17 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. भर्ती परीक्षा 2 अगस्त को दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी.
ऑनलाइन होंगे आवेदन
यह भर्ती समूह-2, उप समूह-1 के अंतर्गत आयोजित की जा रही है. आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है. उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित तिथि तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को पात्रता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है.
आरक्षण नियमों का मिलेगा लाभ
भर्ती में मध्य प्रदेश सरकार की वर्तमान आरक्षण व्यवस्था लागू रहेगी. इसके अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग को 20 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति को 16 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. कर्मचारी चयन मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि OBC आरक्षण से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए इस वर्ग का आरक्षण अंतिम न्यायिक निर्णय के अधीन रहेगा. परिणाम 73 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था के अनुसार घोषित किए जाएंगे.
परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
MPESB ने परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा केंद्र पर आधार आधारित सत्यापन अनिवार्य रहेगा. अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र भी साथ लाना होगा. रिपोर्टिंग समय समाप्त होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा.
इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
पात्रता से जुड़े अहम नियम
भर्ती के लिए कुछ विशेष पात्रता शर्तें भी तय की गई हैं. जिन उम्मीदवारों की 26 जनवरी 2001 या उसके बाद दो से अधिक संतान हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे. इसी तरह जिन पुरुष अभ्यर्थियों का विवाह 21 वर्ष की आयु से पहले और महिला अभ्यर्थियों का विवाह 18 वर्ष की आयु से पहले हुआ है, उन्हें भी आवेदन की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा महिलाओं के विरुद्ध अपराध में दोषी ठहराए गए पुरुष अभ्यर्थी भी इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है. ऐसे में उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर आवेदन करने और परीक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है.









