MP Local Body Elections 2026: मध्य प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत और नगरीय निकायों के खाली पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनावों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में रिक्त पड़े कुल 3851 पदों पर जुलाई 2026 में मतदान कराया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
सुसनेर में अध्यक्ष के लिए मुकाबला
इस उपचुनाव की सबसे बड़ी हलचल अगर मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद में देखने को मिलेगी, जहां अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होना है। इसके अलावा प्रदेश भर में पंचायतों और निकायों के अन्य पदों पर भी वोट डाले जाएंगे।
किन पदों पर कितनी नियुक्तियां?
नगरीय निकाय: सुसनेर अध्यक्ष पद (1) और वार्डों के पार्षद (15)
पंचायत स्तर: जिला पंचायत सदस्य (3), जनपद पंचायत सदस्य (12)
ग्राम स्तर: सरपंच (65) और पंचों के (3,200) पद
मतदाता सूची का शेड्यूल
चुनाव आयोग ने नए और युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। मतदाता सूची के लिए 1 जनवरी 2026 को आधार तिथि माना गया है। सभी दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद 18 जून 2026 को अंतिम मतदाता सूची सार्वजनिक की जाएगी।
आयोग के सख्त निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य समय-सीमा के अंदर और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। जुलाई में होने वाले इन चुनावों के जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।









