डेस्क। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह दोस्तों की जान चली गई। सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल घूमकर लौट रहे थे। जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुकने के दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया।
सेल्फी लेते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार सभी दोस्त पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे वे इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुककर फोटो और सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा सड़क किनारे पहुंचा और सभी को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक सड़क से करीब दो फीट दूर खड़े थे, लेकिन तेज रफ्तार वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) के रूप में हुई है। सभी जबलपुर जिले के पावला गांव के रहने वाले थे।
चालक फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन छह युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि सुआतला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हाईवे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार हाईवा चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें..









