भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली री-एग्जाम को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इससे मध्यप्रदेश और आसपास के राज्यों के हजारों छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
NEET छात्रों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मुकेश कुमार के मुताबिक, छात्रों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महू-बांद्रा, बांद्रा-महू, भोपाल-रतलाम और इंदौर-भोपाल रूट पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों में स्लीपर, सेकंड क्लास और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे ने बताया कि इन ट्रेनों की बुकिंग 19 जून से शुरू हो चुकी है। यात्रा के दौरान यात्रियों को अपना मूल पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।
इन स्टेशनों पर रहेगा ट्रेनों का ठहराव
भोपाल-रतलाम और इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेनों का ठहराव भोपाल, इंदौर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर, फतेहाबाद, चंद्रावतीगंज और बड़नगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
वहीं महू-बांद्रा और बांद्रा-महू स्पेशल ट्रेनें मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, भरूच, अंकलेश्वर, सूरत, नवसारी, बिलीमोरा, वलसाड़, वापी, पालघर और बोरीवली शामिल हैं।
जानिए स्पेशल ट्रेनों का पूरा टाइम-टेबल
महू-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (09352)
यह ट्रेन 19 जून की रात 11 बजे महू स्टेशन से रवाना होगी और 20 जून को दोपहर 3:40 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
बांद्रा टर्मिनस-महू स्पेशल (09351)
यह ट्रेन 20 जून की शाम 6:20 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी और 21 जून की सुबह 11:30 बजे महू स्टेशन पहुंचेगी।
भोपाल-रतलाम स्पेशल (09353)
यह ट्रेन 20 जून की शाम 7:40 बजे भोपाल स्टेशन से रवाना होगी और रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी।
इंदौर-भोपाल स्पेशल (09354)
यह ट्रेन 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर स्टेशन से रवाना होगी और शाम 7 बजे भोपाल स्टेशन पहुंचेगी।
परीक्षा देने वाले छात्रों को मिलेगी बड़ी सुविधा
रेलवे के इस फैसले से री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को यात्रा संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। विशेष ट्रेनों के संचालन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा और छात्रों को समय पर यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
ये खबर भी पढ़ें..









