लखनऊ/खबर डिजिटल/ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में नितिन नबीन की ताजपोशी हो गई है। भाजपा को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। निर्विरोध निर्वाचन के बाद नितिन नबीन ने भी पार्टी अध्यक्ष का दायित्व संभाल लिया है। इस बदलाव के बाद सियासी हलकों में चर्चाओं बाजार गर्म है कि उनकी सियासी निगाहे उत्तरप्रदेश पर टिक सकती है और जल्द ही योगी कैबिनेट में फेरबदल की कवायद की जा सकती है, जोकि 2027 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
फरवरी या मार्च के पहले सप्ताह में मंत्रिमंडल विस्तार संभव
सूत्रों के मुताबिक योगी मंत्रिमंडल का ऊपरी खाका पहले ही तैयार किया जा चुका है, जल्द ही इसके आगे की पटकथा लिखी जानी है, खराब परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों को संगठन में काम करने के लिए भेजा जा सकता है। साथ ही जिन मंत्रियों की विधानसभा स्तर पर स्थिति कमजोर है, उन्हें भी अपनी विधानसभा में रिपोर्ट कार्ड ठीक करने के साथ मंत्री पद छोड़ने का कहा जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि फरवरी के अंतिम दिनों या मार्च के पहले सप्ताह में योगी सरकार का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में छह पद रिक्त हैं। वहीं निर्णय लेते समय जातीय संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी जाएगी।
सबसे प्रबल दावेदार पंकज सिंह का नाम
गौतमबुद्ध नगर से मंत्रिपद की दौड़ में नोएडा से विधायक पंकज सिंह सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं, क्योंकि पिछली बार उनका नाम मंत्रियों की सूची में नहीं था, जिसको लेकर हर किसी को अचंभा हुआ था। कहा जा रहा है कि पिछली बार हुए मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान भी उनका नाम शीर्ष पर था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उनकी युवा छवि, जनसमर्थन और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका को देखते हुए इस बार उन्हें सरकार में जिम्मेदारी मिल सकती है।









