सिवनी/खबर डिजिटल/ राकेश यादव/ सिवनी। छपारा विकासखंड के ग्राम ताखला में विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की विद्युत लाइन को पुनः भाजीपानी सबस्टेशन से जोड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव पूर्व में भाजीपानी सबस्टेशन से जुड़ा हुआ था, जहां से बिजली आपूर्ति अपेक्षाकृत सुचारु रहती थी। लगभग दो माह पूर्व प्रशासनिक स्तर पर गांव को भीमगढ़ कॉलोनी सबस्टेशन से जोड़ दिया गया, जिसके बाद से बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। मोटर पंप समय पर संचालित नहीं हो पाने से लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा घरेलू और कृषि कार्य भी बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि वर्तमान व्यवस्था से पूरे गांव का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए ग्राम ताखला को पुनः भाजीपानी सबस्टेशन से जोड़ा जाए, ताकि निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर ग्रामीणों को राहत प्रदान करेगा।









