रीवा/अरविन्द तिवारी/ अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन पर कथित अनियमितताओं और नियम विरुद्ध नियुक्तियों के आरोप लगाते हुए NSUI ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। NSUI कार्यकर्ताओं ने टीआरएस कॉलेज से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक हाथों में नारियल लेकर दंडवत यात्रा निकाली।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गेट पर बैठकर कलेक्टर से मुलाकात की मांग की। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर NSUI का 24 सूत्रीय ज्ञापन लिया और लगाए गए आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया।
NSUI जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में नियमों को दरकिनार कर विभिन्न विभागों का प्रभार दिया जा रहा है। उन्होंने अतिथि विद्वानों की नियुक्तियों में भी कथित अनियमितता के आरोप लगाए।
NSUI पंकज उपाध्याय का दावा है कि शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के एक अधिकारी को वित्तीय और अकादमिक समेत महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिसकी पात्रता को लेकर संगठन ने सवाल उठाए हैं। इसके अलावा कुछ नियुक्तियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाते हुए संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।









