खबर digital News संवाददाता कटनी-- शहर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रंगनाथ थाना क्षेत्र के भट्टा मोहल्ला में एक निजी अस्पताल में पदस्थ नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव उसके किराए के कमरे में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आखिर मौत की वजह क्या है? क्या यह आत्महत्या है, हादसा या फिर कोई साजिश? पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।कटनी के रंगनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित भट्टा मोहल्ला शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक नर्स का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।जानकारी के अनुसार मकान मालिक ने सुबह करीब 10 बजे किरायेदार युवती को पानी भरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। शंका होने पर जब खिड़की से अंदर देखा गया तो युवती कमरे में मृत अवस्था में पड़ी दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची रंगनाथ थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां युवती मृत मिली। मृतका की पहचान शहडोल निवासी सेजल लुनिया के रूप में हुई है, जो पिछले तीन माह से यहां किराए पर रह रही थी और जीडी मेमोरियल अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को जिला अस्पताल के पीएम हाउस भिजवा दिया है तथा परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक युवा नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? इन सवालों के जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









