त्यौंथर रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले की त्योंथर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमाव में पंचायत भवन निर्माण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ग्राम निवासी नरेंद्र मिश्रा ने थाना चाकघाट में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच आरती मिश्रा, उनके पति मधुर मिश्रा, पंचायत सचिव एवं अन्य सहयोगियों पर उनकी निजी भूमि पर न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद पंचायत भवन का निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता नरेंद्र मिश्रा का कहना है कि संबंधित भूमि उनके नाम दर्ज है। उन्होंने पंचायत भवन निर्माण के लिए भूमि चयन एवं स्वीकृति से संबंधित जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी थी। आरोप है कि इसके बाद उन पर आवेदन वापस लेने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर कथित रूप से धमकी दी गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही गई।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि सरपंच पक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर रास्ता बंद होने का वीडियो स्वयं तैयार कर वायरल किया गया, ताकि पंचायत भवन निर्माण से जुड़े विवाद और आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारी से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके।
नरेंद्र मिश्रा ने जनपद पंचायत सीईओ, पुलिस एवं जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।







