इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ पश्चिम रेलवे यात्रियों के लिए एक बार फिर पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन शुरू करने जा रहा है। यात्रियों की मांग को देखते हुए यह विशेष ट्रेन 22 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। हेरिटेज ट्रेन के जरिए पर्यटक और यात्री पातालपानी-कालाकुंड रेलखंड के खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन सुबह 11.05 बजे पातालपानी से रवाना होगी और दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन दोपहर 3.34 बजे कालाकुंड से रवाना होकर शाम 4.30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
ट्रेन में रहेंगे एसी और नॉन-एसी कोच
यात्रियों की सुविधा के लिए हेरिटेज ट्रेन में एसी और नॉन-एसी चेयर कार कोच उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन में दो एसी चेयर कार कोच C1 और C2 के साथ चार नॉन-एसी चेयर कार कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों को आने और जाने की यात्रा के लिए अलग-अलग टिकट लेना होगा। एक तरफ की यात्रा के लिए एसी चेयर कार का किराया 270 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है, जबकि नॉन-एसी चेयर कार में यात्रा के लिए 20 रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना होगा।
टिकट बुकिंग शुरू
ट्रेन संख्या 52965 और 52966 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। यात्री सभी पीआरएस काउंटरों के साथ आईआरसीटीसी के माध्यम से भी टिकट आरक्षित कर सकते हैं। ट्रेन के ठहराव, कोच संरचना और अन्य जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सप्ताहांत में चलने वाली यह हेरिटेज ट्रेन खासतौर पर प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
MP News: एयर होस्टेज से DSP बनीं थी नेहा पच्चीसिया… सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया सस्पेंड









