खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी -- मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद एवं नवांकुर संस्था कायनात जन सहयोग सेवा समिति के तत्वावधान में रीठी विकासखंड के ग्राम बरियारपुर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और शिक्षा को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री तेज सिंह केशवाल एवं ब्लॉक समन्वयक श्री जगन सिंह मसराम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संस्था द्वारा युवाओं से बीएसडब्ल्यू (BSW) एवं एमएसडब्ल्यू (MSW) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर समाज सेवा के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया गया।इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं मजदूरों को "नशा मुक्त परिवार" की शपथ दिलाई। परामर्शदाता अरुण तिवारी ने किसानों को जैविक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक किया।जिला समन्वयक तेज सिंह केशवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए सभी समितियों को अपने-अपने ग्रामों में अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा आगामी "हरियाली यात्रा" को सफल बनाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के अंत में जिला एवं ब्लॉक समन्वयक सहित सभी उपस्थित जनों ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर परामर्शदाता अरुण तिवारी, मोहम्मद मुस्तकीम, सेक्टर समितियों से शेख मुस्ताक, सुरेश यादव, पुरुषोत्तम रजभर, राजकुमार, रघुवेंद्र यादव, लच्छी पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, नवांकुर संस्था के कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।
खेतों में गूंजी "नशा मुक्त परिवार" की शपथ, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया







