Alirajpur News /संजय वाणी/खबर डिजिटल/ जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 93 पेटियां अंग्रेजी शराब जब्त की हैं, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख 89 हजार रुपये आंकी गई है।
गुजरात भेजने की तैयारी में थे शराब
जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 से 25 अक्टूबर की देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झडोली के बारी फलिया में रहने वाला रमेश पिता नारलिया तोमर (उम्र 35 वर्ष, जाति भीलाला) अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है और वह इसे रात में गुजरात भेजने की तैयारी में है। पुलिस ने देर रात दबिश देकर आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से विभिन्न ब्रांड की 93 पेटियां अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की गई। कुल 798.66 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। मौके से आरोपी रमेश तोमर को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 के तहत मामला दर्ज किया गया।
एक्शन में पुलिस अधीक्षक
एसपी रघुवंश कुमार सिंह ने कहा कि 'अलीराजपुर पुलिस समाज में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। अवैध शराब परिवहन, भंडारण और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।'
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीपसिंह चंदेल, सउनि भारतसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक गरवरसिंह, प्रधान आरक्षक लेखराम, प्रधान आरक्षक निलेश पाल, आरक्षक सुनील, आरक्षक प्रकाश और आरक्षक धर्मेन्द्र समेत अन्य साथियों की सक्रियता और सतर्कता की अहम भूमिका रही।









