रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और आदिवासियों पर कथित अत्याचार के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार शाम रीवा में मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और सरकार से जवाब मांगा।
हाथों में जलती मशालें और जुबां पर सरकार के खिलाफ नारे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और आदिवासी समुदाय को न्याय दिलाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल हो रही हैं और संसाधनों की कमी का खामियाजा आम मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
वहीं आदिवासियों के साथ कथित अन्याय और अत्याचार के मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। मशालों की रोशनी में कांग्रेस ने सरकार से दो टूक सवाल किया, स्वास्थ्य और सुरक्षा, आखिर जनता को कब मिलेगा पूरा हक? कांग्रेस ने प्रशासन और सरकार से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने, आदिवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।









