जबलपुर में 15 सितंबर को 'ज्ञापन दिवस' के अवसर पर भारतीय किसान संघ द्वारा ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। संगठन के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी देश और प्रदेश भर में किसानों की प्रमुख समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिवस मनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में किसान अपनी मांगों को लेकर जबलपुर के घंटाघर पहुंचे हैं, जहाँ से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान संघ ने विशेष रूप से सरकार द्वारा धान की खरीदी में भावांतर योजना लागू करने की घोषणा का विरोध किया है। राघवेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि बीते वर्षों में मूंग और सोयाबीन जैसी फसलों पर भावांतर योजना से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और कई किसान लाभ से वंचित रह गए।
संघ ने मांग की है कि भावांतर योजना को तुरंत निरस्त किया जाए और पूर्व की भांति धान, गेहूं, उड़द जैसी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सीधी खरीदी सुनिश्चित की जाए। शहर में यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए केवल सांकेतिक रूप से लगभग 100 ट्रैक्टरों के साथ यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।









