भोपाल और आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है. गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए पुणे से गोरखपुर के बीच एक नई समर स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है. यह ट्रेन 15 मई से चलेगी और पश्चिम मध्य रेलवे के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इससे मध्य प्रदेश के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की यात्रा में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
एमपी में स्पेशल ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गाड़ी संख्या 01415 पुणे-गोरखपुर समर स्पेशल ट्रेन 15 मई से 15 जुलाई तक रोजाना संचालित होगी. यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे पुणे से रवाना होगी. रात 9:10 बजे इटारसी पहुंचेगी और इसके बाद रात 11:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी. फिर अगले दिन रात 1:25 बजे बीना स्टेशन पर पहुंचेगी. यात्रा जारी रखते हुए यह ट्रेन अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर-हड़पसर समर स्पेशल ट्रेन 16 मई से 16 जुलाई तक चलाई जाएगी. यह ट्रेन शाम 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 8 बजे बीना, 10:30 बजे रानी कमलापति और दोपहर 12:10 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 3:15 बजे हड़पसर यानी पुणे पहुंचेगी.
कई स्टेशनों से चलेगी ट्रेन
रेलवे ने इस ट्रेन के रूट में कई प्रमुख स्टेशनों को शामिल किया है. दोनों दिशाओं में यह ट्रेन दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती जैसे स्टेशनों पर रुकेगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच समेत कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे. रेलवे का कहना है कि इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में मदद मिलेगी और गर्मियों के दौरान सफर ज्यादा आसान हो सकेगा. ट्रेन की टाइमिंग, सीट उपलब्धता और अन्य जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप और हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए प्राप्त की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें- New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके









