खबर डिजिटल संवाददाता कटनी, 31 मई- नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 के आठवें संस्करण ने रविवार सुबह डन कॉलोनी को उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी के रंगों से सराबोर कर दिया। मदन मोहन चौबे वार्ड में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों नागरिकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति का संकल्प लेते हुए एक स्वस्थ एवं विकसित कटनी के निर्माण का संदेश दिया।सुबह 7 बजे से डन कॉलोनी का मुख्य मार्ग ‘नो व्हीकल जोन’ में तब्दील हो गया और सड़कें नागरिकों की गतिविधियों से गुलजार हो उठीं। कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, अधिकारी, समाजसेवी संगठन, योग ग्रुप, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप तथा बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।योग, साइकिलिंग और खेलों से बढ़ाया फिटनेस का उत्साहकार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग सत्र से हुई, जहां सैकड़ों लोगों ने एक साथ योग और सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके बाद साइकिल रैली, स्केटिंग प्रदर्शन, रस्साकशी, नींबू-चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, कैरम, शतरंज, पिट्टू और सांप-सीढ़ी जैसे खेलों में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।स्वच्छता की शपथ और पर्यावरण संरक्षण का संदेशमहापौर प्रीति संजीव सूरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। निगम की आईईसी टीम ने फोर बिन सिस्टम का लाइव प्रदर्शन कर गीले, सूखे, सेनेटरी और हानिकारक कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक ‘पॉलिथीन छोड़ो, पर्यावरण जोड़ो’ ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोलियों और पेंटिंग्स ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 तथा गार्बेज फ्री सिटी के संदेश को जीवंत रूप दिया।विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नशा मुक्ति का संकल्पकार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। गायत्री परिवार की टीम ने गीत और रैली के माध्यम से नशा मुक्ति का आह्वान किया। वहीं जादूगर एम. कुमार ने रोचक प्रस्तुतियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण का संदेश दिया।स्वच्छता मित्रों का सम्मानकार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को उपहार एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।निगम प्रशासन ने आयोजन की सफलता का श्रेय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को देते हुए कहा कि राहगीरी डे केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की एक प्रभावी पहल है। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ शहर की नींव रखते हैं और जनभागीदारी से ही विकसित एवं आदर्श कटनी का सपना साकार हो सकता है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097







