राजगढ़/खबर डिजिटल/ धर्मराज सिंह/ राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम जगनियापुरा में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गिट्टी क्रेशर मशीन के पीछे बने करीब 25 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक महिला और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही ब्यावरा थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया और एम्बुलेंस के माध्यम से शासकीय अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया, जहां शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मृतकों की पहचान सायरा बाई (30 वर्ष), नेब्रेन पारधी (6 वर्ष) और निभ्रता पारधी (9 वर्ष) निवासी कड़िया, थाना बड़ा बैरसिया, जिला भोपाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार पिछले लगभग तीन वर्षों से जगनियापुरा क्षेत्र में रहकर कबाड़ बीनने और मजदूरी का कार्य कर रहा था।
फिलहाल ब्यावरा सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।









