राजगढ़/खबर डिजिटल/धर्मराज सिंह/ राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में ज़मीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नेशनल हाईवे किनारे जा रही महिलाओं पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट की पूरी घटना कैमरे में भी कैद हुई है। घायल महिलाओं को डायल-112 की मदद से ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 15 दिन पहले शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की।
राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के दुधि गांव में ज़मीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव उस समय बढ़ गया, जब नेशनल हाईवे किनारे जा रही महिलाओं पर दूसरे पक्ष के लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में कई महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की तस्वीरें कैमरे में भी कैद हुई हैं, जिनमें मारपीट होती दिखाई दे रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने इसी विवाद को लेकर करीब 15 दिन पहले करनवास थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पहले कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









