राजगढ़। ब्यावरा शहर में पहली बार किन्नर समाज की ओर से एक बड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वल्लभा परिसर में हुए इस किन्नर महासम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से किन्नर संत, महामंडलेश्वर और समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कई धार्मिक अनुष्ठान, पट्टाभिषेक और शोभायात्रा आयोजित की गई।
श्रीमद्भागवत कथा बनी आयोजन का मुख्य आकर्षण
महासम्मेलन में श्रद्धालुओं के बीच सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन रहा। कथा का वाचन किन्नर कथा वाचक हेमलता मां कंठस्थ द्वारा किया जा रहा है। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पहुंच रहे हैं।
आयोजनकर्ताओं ने 'घर वापसी' कार्यक्रम का भी किया दावा
आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार शनिवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान के तहत 50 से ज्यादा किन्नरों का शुद्धिकरण और 'घर वापसी' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रक्रिया के बाद शहर में पारंपरिक तरीके से एक शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर स्वागत किया।
कई शहरों से पहुंचे किन्नर समाज के प्रतिनिधि
इस कार्यक्रम में भोपाल, उज्जैन, इंदौर, नागपुर, जबलपुर, अमरावती और सागर सहित कई शहरों से किन्नर समाज के प्रतिनिधि और महामंडलेश्वर शामिल हुए। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक विषयों पर भी चर्चा की गई।
समाज सेवा और धार्मिक गतिविधियों पर दिया गया जोर
मीडिया से बातचीत के दौरान कार्यक्रम से जुड़े वक्ताओं ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सामाजिक कार्य और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपनी आस्था के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता है।
ये खबर भी पढ़ें..









