भोपाल। मध्यप्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को दिल्ली में चुनाव आयोग से भी राहत नहीं मिली। चुनाव आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी अरविंद शर्मा द्वारा नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले को सही ठहराते हुए उसे बरकरार रखा है। इस फैसले के बाद कांग्रेस ने कानूनी लड़ाई लड़ने का संकेत दिया है और मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है।
दिल्ली चुनाव आयोग में भी नहीं मिली राहत
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के खिलाफ कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को दिल्ली में चुनाव आयोग पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर रिटर्निंग अधिकारी के फैसले पर आपत्ति दर्ज कराई और उसे निरस्त करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, विवेक तनखा और मीनाक्षी नटराजन समेत कई नेता शामिल थे। कांग्रेस ने आयोग के सामने दावा किया कि नामांकन गलत तरीके से खारिज किया गया है और इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
केसी वेणुगोपाल बोले- गलत तरीके से खारिज हुआ नामांकन
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन नियमों के अनुरूप था, लेकिन उसे अनुचित तरीके से रद्द किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरती गई और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की गई है। हालांकि चुनाव आयोग ने मामले पर विचार-विमर्श के बाद रिटर्निंग अधिकारी के फैसले को सही माना और नामांकन रद्द करने के निर्णय को बरकरार रखा।
प्रदेशभर में आंदोलन करेगी कांग्रेस
चुनाव आयोग के फैसले के बाद कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी अगले एक सप्ताह तक पूरे मध्यप्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायक विधानसभा में रिटर्निंग अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे। वहीं ब्लॉक, पंचायत और जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालयों और भाजपा कार्यालयों का घेराव भी करेंगे।
राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी लड़ाई
कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर न्यायिक और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर संघर्ष जारी रखने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार पार्टी गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकती है।
वहीं प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है और कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। जीतू पटवारी ने बताया कि 12 जून को कांग्रेस के 62 विधायक राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले को उनके सामने रखेंगे।
ये खबर भी पढ़ें..









