भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। इसके तहत रानी कमलापति और दानापुर के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन की कुल 22 सेवाएं यानी 11-11 ट्रिप संचालित होंगी।
रानी कमलापति से सोमवार और शुक्रवार को चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी।इस दिशा में कुल 11 सेवाएं संचालित की जाएंगी।
दानापुर से मंगलवार और शनिवार को वापसी
वापसी में ट्रेन नंबर 01668 दानापुर-रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक स्पेशल 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संचालित होगी। यह ट्रेन दानापुर से सुबह 11:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी ट्रेन की कुल 11 सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा समेत विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी।
24 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेन चलने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। रेलवे के मुताबिक, इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले यात्री दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। खासकर दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
Breaking News: आगर मालवा के नलखेड़ा में बड़ा हादसा… 8 की मौत, मौके पर प्रशासन की टीम









