रीवा/ अरविन्द तिवारी/ रीवा में यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत रीवा में 6 इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। अब रीवा से सीधी, सतना और जबलपुर के बीच यात्रियों को इलेक्ट्रिक बस सेवा की सुविधा मिलेगी।
रीवा के लिए कुल 18 इंटरसिटी बसें निर्धारित की गई हैं, जिनमें 6 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। तीनों रूट पर 2-2 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इन बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर, आरामदायक और सुगम परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वहीं इलेक्ट्रिक बसों के जरिए प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है। इससे रीवा से आसपास के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुविधाजनक होने की बात कही जा रही है।









