रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेय टोला वार्ड क्रमांक-29 में एक सिरफिरे युवक की हैरान कर देने वाली हरकत से करीब 60 घरों के लोग पूरी रात अंधेरे और गर्मी में परेशान रहे। युवक ने देर रात मोहल्ले की बिजली सप्लाई के मुख्य तार काट दिए, जिससे पूरे इलाके की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 3 बजे की है। आरोपी युवक ने बिजली के मुख्य तार काटकर पास के एक खाली प्लॉट में फेंक दिए। तार कटते ही क्षेत्र में अंधेरा छा गया और दर्जनों परिवार भीषण गर्मी के बीच रातभर बिजली का इंतजार करते रहे।
सुबह लोगों ने जब समस्या की जांच की तो पता चला कि यह तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि किसी शरारती तत्व की करतूत है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक युवक तार काटते हुए दिखाई दिया। पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कराई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने यह हरकत किसी व्यक्तिगत रंजिश के चलते की या फिर वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।









