रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के जनेह थाना क्षेत्र के जवा-पटहट (शंकरगढ़) मार्ग स्थित खबरा गांव के पास शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अपाची मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खदान में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज गति से जा रही थी, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खदान में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गजेंद्र कुमार (पिता रामबाबू आदिवासी), निवासी लोटाढ़, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। वहीं दूसरे गंभीर घायल युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। तीसरे घायल का उपचार अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
जनेह थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है।









