रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में सोशल मीडिया रील बनाना एक युवती को भारी पड़ सकता है। कलेक्टर और अपर कलेक्टर की कुर्सियों के बीच खड़े होकर बनाई गई रील वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
प्रभारी कलेक्टर ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है। मामला रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार का है, जहां एक युवती ने कथित तौर पर सभागार के भीतर वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वायरल रील में युवती कलेक्टर और अपर कलेक्टर के लिए निर्धारित स्थान के बीच खड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्मी गाना भी जोड़ा गया है, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे शासकीय कार्यालय की मर्यादा से जुड़ा मामला मानते हुए गंभीरता से लिया है।
प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि युवती किस उद्देश्य से कलेक्ट्रेट पहुंची थी और उसे मोहन सभागार तक कैसे पहुंच मिली। जांच के बाद यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।







