रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा शहर में दूषित पेयजल की समस्या से परेशान वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड क्रमांक 10 से 14 तक के रहवासियों ने नगर निगम आयुक्त के आवास के सामने सीताराम संकीर्तन कर स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि कई वार्डों में गंदा और दूषित पानी सप्लाई होने से रहवासी परेशान हैं।
एडवोकेट मानवेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने आयुक्त आवास के सामने सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान नियमित रूप से पानी की टंकियों की सफाई, पेयजल की गुणवत्ता की जांच और फिल्टरिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार यतीश शुक्ला और पीएचई के प्रभारी ईई रवि तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला ने बताया कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराई जाएगी। टंकी की सफाई की तारीख के साथ अगली प्रस्तावित सफाई की तारीख भी अंकित की जाएगी, ताकि सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
इसके अलावा प्रत्येक माह स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की बात भी अधिकारियों की ओर से कही गई। अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल वार्डवासियों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारियों के आश्वासन को धरातल पर लागू नहीं किया गया और दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।









