रीवा/अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल/ अपने और पत्नी के बीच अंतरंग पलों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले आरोपी पति को समान थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल परीक्षण के उपरांत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्याय का अभिरक्षा में भेजा गया है।
पीड़िता के भाई ने दी जानकारी
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए पीड़िता के भाई अजय साहू ने बताया कि उसने अपनी बहन का विवाह 10 मई 2025 को झूला निवासी शिवम साहू के साथ किया था शादी के बाद शिवम साहू लगातार उसकी बहन को दहेज के लिए परेशान करने लगा जब उसकी बहन ने अपने मायके की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दहेज की राशि लाने से इनकार कर दिया तो आरोपी शिवम साहू ने पति-पत्नी के अंतरंग पलों के बनाए गए, वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
समान थाने में किया मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर समान थाने में आरोपी शिवम के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था फरारी के दौरान ही 12 फरवरी 2026 को आरोपी अपने पल्सर वाहन क्रमांक एमपी 17 जेडएच 8856 में धारदार हथियार से लैस होकर मऊगंज जिले स्थित तिलैया गांव अपनी ससुराल पहुंचा, और घर के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी, इसी दौरान घर के लोगों ने स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए आरोपी को समान पुलिस के सुपुर्द कर दिया, वहीं पूरे मामले को लेकर सीएसपी राजीव पाठक का कहना है कि आरोपी गिरफ्तार है परिवार को डरने की जरूरत नहीं है।









