रीवा में कोलकाता-रीवा-भोपाल हवाई सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए. कार्यक्रम में इथेनॉल मिले पेट्रोल को लेकर बोलते हुए सांसद ने विरोध करने वालों पर तीखी टिप्पणी कर दी. उनके बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है.
इथेनॉल के विरोध पर सांसद ने साधा निशाना
कार्यक्रम में जनार्दन मिश्रा ने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की नीति का विरोध करने वालों पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने की बात कही थी, लेकिन उस समय इसका विरोध किया गया और लोग शुद्ध पेट्रोल की मांग करने लगे. इसी दौरान सांसद ने आपा खोते हुए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिस पर विवाद खड़ा हो गया. उन्होंने मंच से कहा, "शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा." सांसद का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. जिस समय जनार्दन मिश्रा यह बात कह रहे थे, उस वक्त मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
ब्राजील का उदाहरण देकर इथेनॉल का समर्थन
सांसद ने अपने संबोधन में पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के फैसले का समर्थन भी किया. उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 80 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है. ऐसे में पेट्रोल में इथेनॉल का मिश्रण बढ़ाने से पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.
उन्होंने ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े स्तर पर इथेनॉल आधारित ईंधन का इस्तेमाल किया जा रहा है. उनके मुताबिक, भारत के पास भी पर्याप्त मात्रा में इथेनॉल उत्पादन करने की क्षमता है और वाहन निर्माता कंपनियां इस तरह के ईंधन के अनुरूप वाहन तैयार करने के लिए तैयार हैं.
आत्मनिर्भर भारत का भी किया जिक्र
भाजपा सांसद ने अपने संबोधन में भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में हो रही प्रगति का भी जिक्र किया. उन्होंने रक्षा और विमानन क्षेत्र में देश के बढ़ते निर्यात का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
रीवा में शुरू हुई नई हवाई सेवा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब आसपास से विमान गुजरता था तो लोग उसे देखकर आश्चर्य करते थे और ऊपर आसमान की ओर देखते थे. अब उसी रीवा से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू हो रही हैं.
हालांकि, कार्यक्रम में इथेनॉल को लेकर दिया गया उनका विवादित बयान पूरे संबोधन पर भारी पड़ता नजर आ रहा है और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सांसद चर्चा में हैं.









