रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ रीवा। जवा तहसील अंतर्गत पनावर सीएफटी के कल्याणपुर पंचायत में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसमस्या निवारण एवं शासन की योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर पहुंचे।
शिविर में कुल 184 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने विभागवार लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण करते हुए स्वयं आमजन से आवेदन प्राप्त किए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। तत्काल निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर 15 दिवस के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
न्यायालय से संबंधित प्रकरणों में आवेदकों को नियमानुसार प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
योजनाओं की दी जानकारी, हितग्राहियों को बांटे चेक
शिविर के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए चेक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सिरमौर विधायक दिब्यराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जनपद अध्यक्ष रानू पांडे सहित जिले एवं जवा तहसील के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में सरकार की योजनाओं और उनसे मिल रहे लाभों की जानकारी आमजन को दी।
शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना रहा।









