रीवा/अरविन्द तिवारी/ Rewa murder Case - रीवा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 20 दिन पहले दफन किए गए 42 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक की मौत पर हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की थी, जिसके बाद प्रशासनिक अनुमति लेकर यह कार्रवाई की गई।
मामला बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ले का है। जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय मोहम्मद लुकमान की 9-10 जुलाई की दरमियानी रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय बिना पोस्टमार्टम के उनका अंतिम संस्कार बैकुण्ठपुर स्थित पैतृक कब्रिस्तान में कर दिया गया था।
करीब 20 दिन बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर मौत पर संदेह जताया और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद एसडीएम की अनुमति से कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि किसी व्यक्ति का नाम लेकर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। यदि रिपोर्ट में कोई आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







