रीवा/अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ आधुनिक दौर में सोशल मीडिया जहां लोगों को जोड़ने का माध्यम बन रहा है, वहीं कई हंसते-खेलते परिवारों के टूटने की वजह भी बन रहा है। ताजा मामला सेमरिया थाना क्षेत्र के बरा गांव से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम की दीवानगी ने एक मां को इस कदर अंधा कर दिया कि वह अपने तीन मासूम बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई।


रील के चक्कर में रीयल लाइफ बर्बाद
जानकारी के मुताबिक, बरा निवासी रामजस साकेत मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। उसकी अनुपस्थिति में 36 वर्षीय पत्नी सीमा साकेत को सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम का चस्का लग गया। घंटों मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण वह अनजान लोगों के संपर्क में आई। यह वर्चुअल दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और महिला ने लोक-लाज की परवाह किए बिना घर छोड़ दिया।


इंसाफ के लिए भटक रहा पीड़ित पति
पीड़ित पति ने बताया कि वह कड़ी मेहनत कर परिवार पाल रहा था, लेकिन पत्नी की इस हरकत ने सब तबाह कर दिया। उसने 7 फरवरी को सेमरिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने पर उसे पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय की शरण लेनी पड़ी। पीड़ित ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उसकी पत्नी को जल्द तलाशा जाए ताकि उसके बच्चों को मां का साया मिल सके।
समाज में छिड़ी नई बहस
इस घटना के बाद क्षेत्र में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई है। जहां एक पक्ष इसे मनोरंजन और सूचना का सशक्त माध्यम मान रहा है, वहीं दूसरा पक्ष इसे पारिवारिक विघटन और अनैतिक रिश्तों की जड़ बता रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर सेल की मदद से महिला की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।









