रीवा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के रीवा जिले में स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही बरतने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर जिले के 15 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया गया है कि संबंधित पटवारियों को स्वामित्व योजना के तहत जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, लेकिन उन्होंने निर्धारित दायित्वों का अपेक्षित रूप से निर्वहन नहीं किया। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है।
संबंधित SDM ने जारी किए निलंबन आदेश
कलेक्टर के निर्देश के बाद संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों (SDM) ने अपने-अपने क्षेत्र के पटवारियों के निलंबन के आदेश जारी किए। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और आदेशों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा।
इन 15 पटवारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए पटवारियों में बृजेश गुप्ता (हल्का लवर लक्ष्मणपुर), अभिनव तिवारी (हल्का अमिरती), सौरभ सिंह (हल्का इटार पहाड़), आशीष पांडे (हल्का उमरी), मधुर सिंह (हल्का मनिकवार), कौशल कोल (हल्का भौवार), इकबाल (हल्का व्योहरा), प्रकाश सोनी (हल्का रौरा), योगेश डाबर (हल्का जवा), निशांत नागवंशी (हल्का सूती), पुष्पराज सिंह (हल्का कोराव अमिलिया), नम्रता साहू (हल्का हर्दिकला), प्रशांत त्रिपाठी (हल्का मरैला), अजय पटेल (हल्का भटिगवां) और योगिता सिंह (हल्का बबैया) शामिल हैं।
अन्य कर्मचारियों पर भी गिर सकती है गाज
प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई को स्वामित्व योजना के काम में तेजी लाने और मैदानी स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उसके बाद भी अन्य काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर भी गाज गिरने की तैयारी है।
500 KM यात्रा और 5 दिन का प्लान! बागेश्वर धाम की ‘हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0’ का पूरा रूट चार्ट जारी









