झारखंड के राजनीतिक गलियारों से एक दुखद खबर सामने आई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन का निधन हो गया है। उन्होंने 80 वर्ष की आयु में रांची के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही देश भर के राजनीतिक दलों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
मिली जानकारी के अनुसार लंबे समय से अस्वस्थ चल रहीं रूपी सोरेन को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। रूपी सोरेन ने झारखंड आंदोलन और जनजातीय समाज के उत्थान में अपने पति शिबू सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक का माहौल है।
सीएम मोहन ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। जनजातीय समाज के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
नेताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि
बीजेपी, कांग्रेस और झामुमो समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।









