सागर जहरीली शराब: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जहरीली शराब मामले में बुधवार को सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से गंभीर रूप से बीमार हुए लोगों से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए बेहतर एवं समुचित उपचार तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सागर जहरीली शराब प्रकरण में गंभीर रूप से पीड़ित और बीमार लोगों से मैंने स्वयं अस्पताल जाकर मुलाकात की है। साथ ही, प्रशासन के साथ बैठक कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली है। हमारी सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कानून बनाया है। आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए के साथ धारा 304 के तहत भी कठोर कार्रवाई का प्रावधान है।
दोषियों के विरुद्ध हत्या जैसी गंभीर धाराओं में होगी कार्रवाई
दोषियों के विरुद्ध हत्या जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं। हमने प्रशासन को इस मामले में पूरी तरह फ्री हैंड दिया है। इस प्रकरण में जो भी व्यक्ति लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अवैध गतिविधियों और अवैध अतिक्रमण में संलिप्त लोगों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पूरे प्रदेश में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।









